मोंथा तूफान का असर

मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे पहले तीन दिन का मौसम अलर्ट जारी किया गया था। अगले 48 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगर बारिश होती है तो ठंड बढ़ सकती है। मोंथा तूफान का असर उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में दिख रहा है। वहीं दिल्ली में भी 30 अक्टूबर को बारिश की संभावना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली:

उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है और अब लगता है कि गर्म कपड़े निकालने का समय आ गया है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के पास पूर्वी तट पर बना मोंथा तूफान तापमान में गिरावट की वजह बन रहा है। इस तूफान की चपेट में आकर अब तक कम से कम तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

मोंथा तूफान से मौसम में आए बदलाव के चलते दिल्ली, बिहार, यूपी और उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली में 30 अक्टूबर को हल्की बारिश के आसार हैं।

दिल्ली में बारिश के बाद कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली सरकार ने मंगलवार, 28 अक्टूबर को कृत्रिम बारिश कराने की कोशिश की थी, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं हो सका। अब जब मौसम विभाग ने प्राकृतिक बारिश का अनुमान जताया है, तो माना जा रहा है कि बारिश होने पर प्रदूषण से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 नवंबर के बाद दिल्ली में ठंड तेजी से बढ़ेगी।

यूपी में बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड?

उत्तर प्रदेश में 30 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 अक्टूबर को भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मऊ, वाराणसी, जौनपुर और प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा अयोध्या, बाराबंकी, जालौन, बरेली और रायबरेली में भी बारिश की संभावना बन रही है।

बिहार में मौसम का मिजाज कैसा है?

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले भी विभाग ने तीन दिन के खराब मौसम का अलर्ट जारी किया था। बुधवार को करीब 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में अगले 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। फिर भी, अगर बारिश होती है तो ठंड बढ़ने की पूरी संभावना है।

author avatar
hydearindam@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *